सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के मिनी सचिवालय में लगाए गए समाधान शिविर में तहसीलदार राजेश गर्ग ने आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में वीरवार को 5 शिकायतें आई, इन शिकायतों में 3 बिजली विभाग तथा एक-एक शिकायत बीडीपीओ और नगरपालिका से सम्बंधित थी। तहसीलदार राजेश गर्ग ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार संजय कुमार भी साथ मौजूद रहे। राजेश गर्ग ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहज और सुगम तरीके से उपलब्ध करवाना है। इसलिए अधिकारी नागरिकों की शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखें, बल्कि उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनका त्वरित निवारण किया जाए तथा जिन मामलों में उच्च स्तर पर कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की प्रगति पर नजर रखें और निर्धारित समयावधि में कार्रवाई पूरी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। तहसीलदार ने कहा कि प्रशासन द्वारा आमजन की सुविधा के लिए विभिन्न स्तरों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए इन शिविरों का लाभ उठाएं।
![]()











