नशा बच्चों के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक विकास को करता है कमजोर : कुशलवीर

5
Adarsh Colony School

किशोर स्वास्थ्य दिवस पर विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से दिया नशे से दूर रहने का संदेश

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की आदर्श कॉलोनी स्थित राजकीय मिडिल स्कूल में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति सजग करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के मुख्याध्यापक शमशेर सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सिविल अस्पताल सफीदों के ब्लॉक काउंसलर कुशलवीर ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाते हुए कहा कि नशीले पदार्थ बच्चों और किशोरों के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक विकास को कमजोर करते हैं। नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। कुशलवीर ने विद्यार्थियों को विभिन्न नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान बच्चों को गलत संगति और नशीले पदार्थों से बचना चाहिए। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े लक्षणों, उनके कारणों और बचाव के उपायों पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी होने पर अपने अभिभावकों, शिक्षकों या स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बातचीत करने का आह्वान किया। विद्यालय के मुख्याध्यापक शमशेर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को जीवन में हमेशा सही रास्ते का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी तरह के गलत कार्य से बचने और अपने स्वास्थ्य व भविष्य के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के समापन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार हंसिका तथा द्वितीय पुरस्कार कार्तिक को प्रदान किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
बाक्स :-
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिया नशा मुक्ति का संदेश
किशोर स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखते हुए समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए युवाओं और किशोरों को नशे से बचाना जरूरी है।
इस अवसर पर स्कूल स्टाफ से नसीब मेहरा, नवनीत, संतोष रानी, विनोद कुमार, नरेश कुमार, सुनीता रानी और कमलेश सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Loading