कमरे का ताला तोड़कर 4 लाख रुपये की नकदी चोरी पीड़ित मजदूर ने दी पुलिस को दी शिकायत

3
Cash Theft
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव रजाना खुर्द में कमरे का ताला तोड़कर चार लाख रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की वारदात के बाद पीड़ित ने पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को शिकायत देकर अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के हरपुर जुनेदा निवासी अवधेश साहनी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से गांव रजाना खुर्द में किराये के मकान में रह रहा है। वह अपने करीब 10 अन्य साथियों के साथ मछली पकड़ने का काम करता है। शिकायतकर्ता के अनुसार, मछली के दो ठेकेदारों ने मजदूरी के तौर पर अलग-अलग समय में उसे कुल चार लाख रुपये दिए थे। उसने यह पूरी नकदी अपने कमरे में रखे बैग में सुरक्षित रखी थी। अवधेश साहनी के मुताबिक, 3 सितंबर की सुबह करीब सात बजे वह अपने अन्य साथियों के साथ कमरे पर ताला लगाकर काम के लिए चला गया था। दोपहर बाद करीब तीन बजे जब वह वापस कमरे पर पहुंचा तो बाहर का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर बने एक कमरे का ताला टूटा मिला। कमरे में प्रवेश करने के बाद उसने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखी चार लाख रुपये की नकदी गायब मिली। पीड़ित ने बताया कि चोरी का पता चलने के बाद उसने अपने स्तर पर आसपास काफी तलाश की और अज्ञात चोर के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

Loading