किन्नरों ने नाच-गाकर दी दीपावली की बधाई

8
Diwali Celebration

दुकानदारों के सुख-समृद्धि और कारोबार में बरकत की मांगी दुआ

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : किन्नर समाज की सदस्यों ने नगर के विभिन्न बाजारों में पहुंचकर नाच-गाकर दुकानदारों को दीपावली की बधाई दी और उनके सुख-समृद्धि एवं कारोबार में तरक्की की कामना की। इस दौरान उन्होंने दीपावली के पारंपरिक गीतों पर जमकर ठुमके लगाए और खुशियां साझा कीं। इस कार्यक्रम का नेतृत्व सीनू महंत ने किया। वहीं सीनू महंत ने अपने संबोधन में कहा कि वे अपनी साथियों के साथ विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दे रही हैं। उनकी कामना है कि हर परिवार में सुख-शांति बनी रहे, सभी लोग स्वस्थ रहें और प्रत्येक व्यक्ति के कारोबार में दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की हो। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का भी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि नगर के लोग भी हर त्योहार पर उनका इंतजार करते हैं और पूरे सम्मान एवं खुशी के साथ उनका स्वागत करते हैं। दुकानदार अपनी मेहनत की कमाई में से श्रद्धा और दान के रूप में उन्हें बधाई देते हैं। इस मौके पर पम्मी महंत, सोनिया महंत, सहेली महंत और मन्नत महंत सहित अन्य साथी मौजूद रहे।

Loading