स्कूल में शिक्षक पर शराब पीकर आने का आरोप

3
Kharkada Government School

शिक्षा विभाग ने गठित की जांच कमेटी, कमेटी ने किए बयान दर्ज

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव खरकड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में एक शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और समय से पहले छुट्टी करने के आरोपों के मामले में शिक्षा विभाग ने जांच कमेटी गठित की है। शुक्रवार को कमेटी के सदस्यों ने स्कूल पहुंचकर गांव के सरपंच, ग्रामीण अभिभावकों और मिड-डे मील वर्कर के बयान दर्ज किए। ग्रामीणों ने शिक्षक पर कई बार शराब के नशे में स्कूल आने, कक्षा में बीड़ी-सिगरेट पीने और बच्चों की समय से पहले छुट्टी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। जांच कमेटी में गांव बिटानी के स्कूल के प्रिंसिपल राजिंदर सिंह, सिंघाना स्कूल के प्रिंसिपल वेदपाल मलिक और पीजीटी अध्यापक मलार कर्मवीर शामिल हैं। स्कूल इंचार्ज अश्वनी सैनी भी इस दौरान मौजूद रहे। कमेटी ने सरपंच निरवैल सिंह सहित ग्रामीण महिलाओं और अन्य संबंधित लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। बयान दर्ज करवाने पहुंची ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक कई बार शराब के नशे में स्कूल पहुंचता था। जब दूसरी शिक्षिका स्कूल में नहीं आती थी तो वह समय से पहले ही छुट्टी कर देता था। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक कई बार कक्षा में बीड़ी-सिगरेट का सेवन करता था। ग्रामीणों के अनुसार, बच्चों ने उसे नहर के पास स्कूटी से गिरते हुए भी देखा था। उन्होंने कहा कि कई बार समझाने के बावजूद शिक्षक के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम का बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ा और स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या भी घट गई थी। उनके अनुसार, पहले स्कूल में मात्र 10 विद्यार्थी रह गए थे, जबकि दूसरी शिक्षिका के आने के बाद अब विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। उन्होंने बताया कि स्कूल के एक विद्यार्थी का नवोदय विद्यालय में भी चयन हुआ है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बॉक्स:
बयान के आधार पर तैयार होगी जांच रिपोर्ट
कमेटी के सदस्य प्रिंसिपल राजिंदर सिंह ने बताया कि 4 नवंबर को बीईईओ कार्यालय से कमेटी गठन संबंधी ई-मेल प्राप्त हुई थी। कमेटी ने सरपंच और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। सभी पक्षों के बयानों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर बीईईओ कार्यालय सफीदों में सौंपी जाएगी। इसके बाद उच्च अधिकारी आगामी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक पर इस प्रकार के आरोप लगना शिक्षा विभाग और समाज दोनों के लिए चिंताजनक है।
बॉक्स:
वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच
गौरतलब है कि 24 अक्टूबर को स्कूल के शिक्षक का कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूटी से गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ग्रामीणों का आरोप था कि शिक्षक ने उस दिन भी सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल की छुट्टी कर दी थी। इसके बाद सरपंच निरवैल सिंह ने शिक्षा विभाग को शिकायत दी थी। वायरल वीडियो विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद बीईईओ को जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए थे।
बाक्स:
सरपंच ने की कार्रवाई की मांग
वहीं, सरपंच निरवैल सिंह ने सफीदों विधायक रामकुमार गौतम और शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दूसरी शिक्षिका के बयान दर्ज करवाने के दौरान उस पर दबाव बनाया गया और शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना नहीं दी गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

Loading