2 छात्राओं ने एनपीटीईएल परीक्षा में हासिल की सफलता

1
Knowledge Point Institute
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इस बात को सफीदों के नॉलेज पॉइंट इंस्टीट्यूट के दो होनहार विद्यार्थियों ने साबित कर दिखाया है। संस्थान के आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी हर्षिल और श्रेयाशी ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित एनपीटीईएल की 12 सप्ताह की ऑनलाइन परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर संस्थान और सफीदों का नाम रोशन किया है। दोनों विद्यार्थियों ने आईआईटी द्वारा संचालित ‘द जॉय ऑफ कंप्यूटिंग यूजिंग पाइथन’ कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करते हुए एलीट प्लस सिल्वर सर्टिफिकेट प्राप्त किया है। इस परीक्षा में श्रेयाशी ने 85 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि हर्षिल ने 77 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। खास बात यह है कि दोनों विद्यार्थी अभी केवल आठवीं कक्षा में पढ़ रहे हैं। इस उपलब्धि पर नॉलेज पॉइंट इंस्टीट्यूट की संस्थापक डॉ. पूनम सिंगला ने दोनों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बच्चों को कम उम्र से ही कंप्यूटर प्रोग्रामिंग और आधुनिक तकनीक का ज्ञान देना बेहद आवश्यक है। हर्षिल और श्रेयाशी की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के समापन पर दोनों छात्राओं को सम्मानित किया गया।

Loading