फरीदाबाद में शराब के पूरे पैसे मांगने पर सेल्समैनों से मारपीट, साथियों संग लौटे युवकों पर हमले का आरोप; VIDEO आया सामने

2
Faridabad News

फरीदाबाद : जिले के पन्हेड़ा कलां गांव स्थित शराब के ठेके पर शराब की पूरी कीमत नहीं देने को लेकर हुए विवाद के बाद दो सेल्समैनों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले दो युवक ठेके पर पहुंचे और शराब की बोतल मांगी। सेल्समैनों के बिना पूरे पैसे लिए शराब देने से इनकार करने पर विवाद हो गया। कुछ देर बाद युवक अपने कई साथियों के साथ वापस पहुंचे और दोनों सेल्समैनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

मारपीट में सेल्समैन सुरेंद्र और सानू घायल हुए हैं। घटना से संबंधित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग ठेके के पास मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वारदात के बाद हमलावर मौके से चले गए। छांयसा थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है और जांच की जा रही है।

शराब ठेके के मालिक राजेश के मुताबिक पन्हेड़ा कलां स्थित उनके ठेके पर सुरेंद्र और सानू सेल्समैन के रूप में काम करते हैं। मंगलवार रात दो युवक शराब लेने के लिए ठेके पर पहुंचे थे।

ठेका संचालक और घायल पक्ष का आरोप है कि दोनों युवक बिना पैसे दिए शराब की बोतल मांग रहे थे। सेल्समैनों ने इससे इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवक गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।

कुछ समय बाद दोनों युवक कई अन्य युवकों के साथ दोबारा ठेके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और पहुंचते ही उन्होंने सुरेंद्र और सानू के साथ मारपीट शुरू कर दी।

हमले में सानू के सिर में गंभीर चोट आई। घायल पक्ष के मुताबिक उसके सिर में 14 टांके लगाए गए हैं। बीच-बचाव करने पहुंचे सुरेंद्र के साथ भी मारपीट की गई। दोनों ने ठेके के अंदर जाकर खुद को हमलावरों से बचाने की कोशिश की।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कई लोगों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो में दिखाई देने वाले सभी लोगों की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

छांयसा थाना प्रभारी गोपाल दास के मुताबिक शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दो युवक ठेके पर शराब लेने पहुंचे थे, लेकिन वे पूरी कीमत नहीं दे रहे थे। सेल्समैन ने पूरे पैसे लिए बिना शराब देने से मना कर दिया था। इसके बाद विवाद बढ़ गया और युवकों पर अपने साथियों को बुलाकर सेल्समैनों से मारपीट करने का आरोप है।

पुलिस को मामले की शिकायत मिल चुकी है। अब घटना से संबंधित वीडियो, घायल पक्ष के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद आरोपियों की भूमिका और विवाद की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

Loading