सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सीआईए स्टाफ सफीदों ने 21.13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सीआईए स्टाफ सफीदों के इंचार्ज उपनिरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि सीआईए स्टाफ सफीदों की टीम बाईपास रामपुरा रोड के नजदीक नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफीदों बस अड्डे की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों युवकों ने सड़क किनारे एक सफेद पॉलीथीन फेंककर मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को तुरंत काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान कृष्ण उर्फ जगीरा निवासी गांव खेड़ा कॉलोनी तथा आकाश निवासी सफीदों के रूप में हुई। पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर सड़क किनारे फेंकी गई सफेद पॉलीथीन से कुल 21.13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सफीदों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
![]()











