पानीपत के सिविल अस्पताल परिसर में ऑटो हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद स्पेशल पुलिस ऑफिसर लीलूराम से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक एक महिला के साथ अस्पताल की पुलिस पोस्ट में पहुंचा और लीलूराम को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद बाहर हाथापाई हुई, जिसमें उनकी वर्दी भी फट गई। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लीलूराम ने पुलिस को बताया कि सोमवार को वह पुलिस पोस्ट इंचार्ज ईएएसआई जितेंद्र कुमार के साथ ड्यूटी पर थे। शवगृह के बाहर एक ऑटो रास्ते में खड़ा मिला, जिसमें चालक सो रहा था। उनके अनुसार, इससे मरीजों और वाहनों के आने-जाने में बाधा हो रही थी। उन्होंने चालक से ऑटो हटाने को कहा तो वह बहस करने लगा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि चालक नशे में था और हंगामा करते हुए इमरजेंसी वार्ड में चला गया। वहां उसने अपना मरीज भर्ती होने की बात कही। लीलूराम के अनुसार, उन्होंने चालक को समझाकर वार्ड से बाहर निकाला और ऑटो लेकर अस्पताल परिसर से जाने के लिए कहा।
लीलूराम ने बताया कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह वर्दी बदलने पुलिस पोस्ट में गए थे। इसी दौरान चालक एक महिला को लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पीछे से थप्पड़ मारा और कॉलर पकड़ लिया। पुलिस पोस्ट के बाहर हुई हाथापाई में बीच-बचाव करने आए इंचार्ज जितेंद्र कुमार से भी मारपीट किए जाने की शिकायत दी गई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने घटनाक्रम का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी मेधा भूषण देर रात अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने लीलूराम से बात की और अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों तथा वीडियो की जांच के निर्देश दिए।
पुलिस ने दोनों कर्मचारियों की शिकायत पर सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट समेत विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया है। शिकायत में अस्पताल परिसर में अनावश्यक निजी वाहन और ऑटो खड़े नहीं करने संबंधी सीएमओ के निर्देशों का भी उल्लेख है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
![]()











