पंजाब CM के OSD राजबीर घुम्मन दूसरी बार CBI के सामने पेश, कथित भ्रष्टाचार मामले में पूछताछ तेज; ED भी कर रही जांच

7
Punjab News

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) राजबीर सिंह घुम्मन मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में सोमवार को दूसरी बार केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के चंडीगढ़ कार्यालय पहुंचे। इससे पहले शुक्रवार को उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई थी। उस दौरान जांच एजेंसी ने उनसे लगभग 40 सवाल पूछे थे। घुम्मन ने पहली पूछताछ के बाद कहा था कि उन्होंने सभी सवालों के संतोषजनक जवाब दिए हैं और जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने जल्द क्लीन चिट मिलने की उम्मीद भी जताई थी। मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 12 अक्टूबर को उनकी गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगाते हुए जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए थे। इससे पहले CBI ने उन्हें तीन समन जारी किए थे, लेकिन वह पेश नहीं हुए थे। उनके वकील जीपीएस घुम्मन के अनुसार, वह अदालत के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। इस मामले में घुम्मन के करीबी बताए जाने वाले नितिन गोहल और बीर दविंदर सिंह से भी रविवार को करीब दस घंटे पूछताछ हुई थी। बीर दविंदर सिंह ने आरोपों पर अपना पक्ष रखने और निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई थी। CBI ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर पांच अक्टूबर को मामला दर्ज किया था। इसमें राजबीर घुम्मन, नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर दविंदर सिंह, आरएस नागरा और अन्य अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया गया है। जांच एजेंसी पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों की फाइलों और अधिकारियों के तबादलों से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। आरोपों में सरकारी तबादलों, नियुक्तियों, टेंडरों, नीतिगत फैसलों और जमीन संबंधी मंजूरियों में कथित हस्तक्षेप शामिल है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मामले की जांच कर रहा है। एजेंसी ने डिजिटल बातचीत, दस्तावेज और नकदी बरामद होने के दावे किए हैं। ED के अनुसार, नितिन गोहल से जुड़े ठिकानों की तलाशी में 20.98 लाख रुपए नकद मिले थे। हालांकि, आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पंजाब सरकार हाईकोर्ट के जांच संबंधी आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे चुकी है। फिलहाल जांच एजेंसियां संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।

Loading