झज्जर की नहर में मिले संदीप और लिव-इन पार्टनर के शव, दो दोस्तों के खिलाफ हत्या का केस

2
Rohtak News

रोहतक से जुड़े संदीप और उसकी लिव-इन पार्टनर कविता के शव रविवार शाम झज्जर में आसौदा के पास नहर से बरामद हुए। दोनों करीब आठ महीने से साथ रह रहे थे और फिलहाल दिल्ली के नेबसराय में रहते थे। संदीप के भाई की शिकायत पर सांपला थाना पुलिस ने हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।

संदीप के भाई राकेश सिंह ने पुलिस को बताया कि संदीप हसनगढ़ में परचून की दुकान चलाता था। करीब तीन महीने पहले दुकान छोड़ने के बाद वह कविता के साथ दिल्ली रहने लगा। हालांकि, उसका हसनगढ़ आना-जाना जारी था। परिजनों के अनुसार, 26 सितंबर को दोनों कार से दोस्तों से मिलने हसनगढ़ पहुंचे थे।

राकेश के मुताबिक, 30 सितंबर को संदीप की मां ने उससे आखिरी बार फोन पर बात की थी। उस समय संदीप ने बताया कि वह कविता के साथ दोनों नितेश के पास है। उसने एक-दो दिन में घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार का संपर्क नहीं हो सका।

कई दिन तक जानकारी नहीं मिलने पर परिजन रविवार को हसनगढ़ पहुंचे। इसी दौरान उन्हें नहर में युवक और महिला के शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस चौकी में दिखाए गए फोटो के आधार पर राकेश ने दोनों की पहचान संदीप और कविता के रूप में की।

शिकायत में राकेश ने दोनों दोस्तों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने और संदीप की कार ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पैसों के विवाद की आशंका भी जताई है। उनके अनुसार, संदीप ने जसौर खेड़ी गांव की जमीन बेची थी, जिससे मिली 30 लाख रुपए से अधिक रकम उसके बैंक खाते में थी। पुलिस ने अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं बताई है।

परिजनों के अनुसार, संदीप के दो बच्चे हैं और पत्नी की 2012 में मृत्यु हो गई थी। डीएसपी सांपला राकेश मलिक ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश और वारदात से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Loading