रोहतक में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा घायल; चालक के खिलाफ केस

2
Rohtak News

रोहतक के महम थाना क्षेत्र में गोहाना रोड पर पिकअप और बाइक की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान गांव खेड़ी निवासी संतोष के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, संतोष अपने बेटे वजीर के साथ खेत गई हुई थीं। शाम को दोनों बाइक पर घर लौट रहे थे। गोहाना रोड पर एचपी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मां-बेटा सड़क पर गिर गए और दोनों को गंभीर चोटें आईं।

मृतका के बेटे मंगल ने बताया कि घायलों को महम के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से गंभीर हालत के कारण दोनों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई पहुंचने पर डॉक्टरों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया, जबकि वजीर का इलाज चल रहा है।

मंगल ने पिकअप चालक पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, पीछे से टक्कर लगने के कारण बाइक सवार दोनों सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हुए।

महम थाना एसएचओ सतपाल ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के घटनाक्रम और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Loading