सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में पिरोया: विधायक रामकुमार गौतम

16
Sardar Vallabhbhai Patel

सफीदों में निकाली गई रन फॉर यूनिटी

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सफीदों में उपमंडल स्तरीय रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। स्थानीय रामलीला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। विधायक ने स्वयं भी दौड़ में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस मौके पर एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, नायब तहसीलदार संजय कुमार और पूर्व विधायक कली राम पटवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से मौजूद रहे। रन फॉर यूनिटी रामलीला ग्राउंड से शुरू होकर बस अड्डे से होते हुए लघु सचिवालय परिसर में संपन्न हुई। इसमें विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों, अधिकारियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। वे कुशल राजनेता, प्रखर वकील और दूरदर्शी प्रशासक होने के साथ-साथ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित थे। उनका संपूर्ण जीवन देशसेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायक मिसाल है। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। विधायक ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ-साथ आजादी के बाद देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने 562 रियासतों का एकीकरण करवाकर स्वतंत्र भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य केवल शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, समरसता, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

Loading