कामी रोड फ्लाईओवर के नीचे हादसा, बड़ी बहन की हालत गंभीर
कॉलेज देखकर लौटी रही थीं दोनों बहनें, दिल्ली के अस्पताल में घायल दीक्षा का इलाज
सोनीपत : शहर के कामी रोड फ्लाईओवर के नीचे एक पिकअप गाड़ी ने स्कूटी सवार दो बहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति दोनों को अपनी गाड़ी से सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन छोटी बहन वंशिका ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बड़ी बहन दीक्षा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के मैक्स शालीमार बाग अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतका की पहचान मयूर विहार, सोनीपत निवासी वंशिका के रूप में हुई है। उसकी बड़ी बहन दीक्षा एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करती है। परिजनों के मुताबिक दीक्षा अपनी छोटी बहन वंशिका को अपना कॉलेज दिखाने के लिए लेकर गई थी। कॉलेज देखने के बाद दोनों बहनें स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान कामी रोड फ्लाईओवर के नीचे उनकी स्कूटी पिकअप गाड़ी की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल बहनों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसी बीच हादसे के बाद पिकअप चालक ने कथित तौर पर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। भीड़ ने चालक के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया।
परिवार के अनुसार वंशिका अपनी बड़ी बहन का कॉलेज देखकर काफी खुश थी। उसने परिवार से कहा था कि वह भी भविष्य में उसी कॉलेज में दाखिला लेना चाहती है। लेकिन घर लौटते समय हुए हादसे में उसकी जान चली गई।
पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच की जा रही है। वहीं दीक्षा का दिल्ली के अस्पताल में उपचार जारी है।
![]()











