सोनीपत सिविल अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत

3
Sonipat Civil Hospital

महिला ने मोबाइल चोरी का लगाया आरोप, शोर मचाने पर अस्पताल स्टाफ ने किया पीछा

मृतक की नहीं हुई पहचान, पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाकर शुरू की जांच

सोनीपत : सिविल अस्पताल में शुक्रवार को एक युवक की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। युवक पर अस्पताल में मौजूद एक महिला मरीज का मोबाइल फोन चोरी कर भागने का आरोप है। महिला के शोर मचाने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने युवक का पीछा किया। इसी दौरान तीसरी मंजिल से गिरने के बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार महिला मरीज अस्पताल में मौजूद थी। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन कथित तौर पर युवक ने उठा लिया और वहां से भागने लगा। मोबाइल गायब होने का पता चलते ही महिला ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर अस्पताल का स्टाफ सक्रिय हुआ और भाग रहे युवक का पीछा करना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि युवक अस्पताल की तीसरी मंजिल तक पहुंच गया। पीछा किए जाने और पकड़े जाने के डर के बीच वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास कर रही है।

वहीं जिस महिला का मोबाइल फोन चोरी किए जाने का आरोप है, उसने बताया कि उसने करीब दो महीने पहले ही किस्तों पर फोन खरीदा था। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और वहां मौजूद लोगों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों से भी संपर्क किया जाएगा।

Loading