राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, मंत्री राव नरबीर सिंह ने दिलाई एकता की शपथ

4
Gurugram News

गुरुग्राम में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। नेहरू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, खिलाड़ियों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

दौड़ को हरी झंडी दिखाने से पहले कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने उपस्थित लोगों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों के कारण देश की एकता और अखंडता को नई मजबूती मिली।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को देश की आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी और एकजुटता का संकल्प लेने का अवसर है।

इसके बाद मंत्री ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

Loading