महाविद्यालय में हुई 43वीं वार्षिक एथलेटिक मीट

11
Annual Athletic Meet

पद्मश्री सम्मानित महावीर गुड्डू रहे मुख्य अतिथि

हन्नी और नेहा बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय महाविद्यालय में 43वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पद्मश्री महावीर गुड्डू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने की। समारोह में सेवानिवृत्त प्रोफेसर बलविंदर सिंह, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट सत्यवान ग्रोवर और फतेह सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एथलेटिक मीट के उद्घाटन, ध्वजारोहण और मार्च पास्ट के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से अनुशासन, एकता और समर्पण का परिचय दिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ भी ली। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में बीए तृतीय वर्ष के हन्नी और महिला वर्ग में बीए तृतीय वर्ष की नेहा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि पद्मश्री महावीर गुड्डू ने कहा कि लंबे समय के बाद महाविद्यालय में वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन होना बेहद खुशी की बात है। इसके लिए प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया के अथक प्रयास सराहनीय हैं। उनकी मेहनत से यह आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अनुशासन व खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलों से जहां जीवन में अनुशासन आता है, वहीं बंधुत्व की भावना को भी बढ़ावा मिलता है। खेलों से मनुष्य का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। कार्यक्रम के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विनीत खटकड़, डॉ. रुचि भारद्वाज, मधु और ज्योति कवल सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहे।

Loading