खेड़ा खेमावती में लगा विशाल निःशुल्क मेडिकल कैंप

14
free medical camp

वीरेंद्र सिंह चौहान ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत

सफीदों, (एस• के•  मित्तल) : उपमंडल के गांव खेड़ा खेमावती के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हमारा परिवार सफीदों इकाई द्वारा एक विशाल निःशुल्क मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य में क्षेत्र के बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान रहे। उन्होंने अपने संबोधन में संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए ऐसे प्रयास बेहद आवश्यक हैं। साथ ही, उन्होंने संस्था के सदस्यों को भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। कैंप में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लवकेश अग्रवाल ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया, वहीं दंत विशेषज्ञ डॉ. गगनदीप ने दांतों से संबंधित समस्याओं की जांच कर उचित इलाज और सलाह दी। डॉक्टरों ने बच्चों और उनके अभिभावकों को संतुलित आहार, नियमित जांच और साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया। शिविर में आए सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

Loading