सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के सरला मेमोरियल राजकीय कन्या महाविद्यालय में मंगलवार को प्रथम वर्ष में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बलवान सिंह ने की। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संसाधनों और परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं को महाविद्यालय में होने वाली विभिन्न गतिविधियों और उनके लिए उपलब्ध अवसरों से भी अवगत करवाया गया। अपने संबोधन में प्राचार्य बलवान सिंह ने नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास करना है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयीन शिक्षा के दौरान छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होना बेहद जरूरी है। कक्षा में प्राप्त ज्ञान के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता छात्राओं के व्यक्तित्व को निखारने और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।प्राचार्य ने छात्राओं का आह्वान किया कि वे नियमित अध्ययन को प्राथमिकता देने के साथ-साथ महाविद्यालय में आयोजित सह-पाठ्यक्रम, सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें।
![]()











