अशोक बुवानीवाला को मिलेगा महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड

9
Ashok Buwaniwala

14 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होगा अग्र अलंकरण समारोह

सफीदों के अग्रबंधुओं में खुशी की लहर

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : अग्रवाल वैश्य समाज, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और समाजसेवा के प्रति समर्पण के लिए प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से आगामी 14 नवंबर को नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ में आयोजित होने वाले भव्य ‘अग्र अलंकरण समारोह-2026’ में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान की घोषणा से सफीदों के अग्रबंधुओं में खुशी और उत्साह का माहौल है। गौरतलब है कि यह समारोह अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित होगा। कार्यक्रम में गीता मनीषी महामंडलेश्वर ज्ञानानंद महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त होगा। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। अग्रबंधुओं ने कहा कि अशोक बुवानीवाला लंबे समय से अग्रवाल समाज के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अग्रवाल वैश्य समाज, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने समाज को एकजुट करने, सामाजिक एकता को मजबूत बनाने और समाज के लोगों को राजनीति एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देगा और समाज के अन्य लोगों को भी सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट एमपी जैन, प्रदेश संगठन मंत्री राकेश गोयल भोला, शिवचरण कंसल, बिल्लू सिंगला, प्रदेश प्रचार सचिव महाबीर मित्तल, सफीदों विधानसभा अध्यक्ष प्रवीन मित्तल, महिला जिलाध्यक्ष सरोज गोयल तथा महिला प्रदेश सचिव डिंपल सिंगला ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आयोजक संस्था का आभार जताते हुए अशोक बुवानीवाला को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि यह सम्मान पूरे अग्रवाल समाज के लिए गर्व की बात है।

Loading